
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिले में गोवंशीय पशुओं को लम्पी स्किन डिजीज से बचाने के लिए पशुपालन विभाग का सघन टीकाकरण अभियान जारी है। अब तक 85 हजार गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। जिले में करीब 2.20 लाख गोवंशीय पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। विभाग को अब तक 1.47 लाख वैक्सीन की खुराक प्राप्त हो चुकी हैं।मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जी.के. शुक्ला ने बताया कि जिले में अभी तक लम्पी वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है। बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए करीब एक महीने पहले ही अभियान शुरू कर दिया गया था। टीकाकरण में तेजी लाने के लिए 25 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जिनमें पशु चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी और पशुधन प्रसार अधिकारी शामिल हैं।टीमें रोज गांवों में पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण कर रही हैं। अभियान में सात पशु एंबुलेंस वाहन भी लगाए गए हैं। एंबुलेंस टीमों को सुबह और शाम अलग-अलग गांवों में कैंप लगाकर टीकाकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।डॉ. शुक्ला ने पशुपालकों से अपील की कि लम्पी एक संक्रामक बीमारी है और इससे बचाव का प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है। विभागीय टीम के गांव पहुंचने पर पशुपालक अपने पशुओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं।