
कानपुर। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र स्थित वेंडी स्कूल के सामने टीएमओ (Teaamo) कैफे में बुधवार रात युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोबाइल वापस मांगने पर 5 से 6 युवकों ने उसे घेरकर पहले लात-घूंसों से पीटा, फिर कुर्सी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी वारदात कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।पीड़ित रोशन खरे, निवासी दीनदयाल पुरम, तौधकपुर के अनुसार वह बुधवार रात करीब 10:35 बजे अपने दोस्त से मिलने टीएमओ (Teaamo) कैफे पहुंचा था। उसका दोस्त कैफे में काम करता है। इसी दौरान पास की टेबल पर बैठे कुछ युवकों में से एक ने उसका मोबाइल छीन लिया।रोशन का आरोप है कि मोबाइल वापस मांगने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर 6-7 युवकों ने उसे घेर लिया। एक आरोपी ने कुर्सी से हमला किया, जबकि अन्य ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। इसके बाद लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और उसे जबरन खींचकर ले जाने का प्रयास किया। शोर सुनकर कैफे में मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सिद्धार्थ द्विवेदी उर्फ पासा, सिम्पी पांडेय, आदित्य धमनिया, छोटू और प्रांशु तिवारी सहित अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित ने शिकायत दी है। रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सिद्धार्थ द्विवेदी उर्फ पासा, सिम्पी पांडेय, आदित्य धमनिया, छोटू और प्रांशु तिवारी समेत अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।-हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव कुमार