
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज के झलवा स्थित यूनाइटेड मेडिसिटी मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में शनिवार सुबह एक एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान सृष्टि मिश्रा (22) पुत्री अनुराग मिश्रा के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश की रहने वाली थी और कॉलेज में एमबीबीएस फोर्थ ईयर की छात्रा थी।घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल के बाहर जुट गए। पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई है।कॉलेज प्रशासन ने छात्रा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार छात्रा हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी और रात में उसकी हालत सामान्य थी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।मृतका का भाई भी डॉक्टर बताया जा रहा है, जो दूसरे जिले में तैनात है। घटना की सूचना मिलने के बाद वह प्रयागराज के लिए रवाना हो गया है।एयरपोर्ट थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज में शोक का माहौल है। पुलिस और कॉलेज प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।