
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के छाता कोतवाली परिसर में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में छाता नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि फाल्गुन उर्फ कान्हा भैया, धर्मगुरु, स्थानीय संभ्रांत नागरिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।बैठक की अध्यक्षता छाता कोतवाली प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी ने की। उन्होंने 25 और 26 तारीख को निकलने वाले ताजिया जुलूस के रूट और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे और परंपराओं के अनुसार त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर पुलिस की नजर रहेगी और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देकर तुरंत पुलिस को सूचना दी जाए।ताजिया जुलूस के दौरान आने वाली बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर विद्युत विभाग के जेई उदित कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में तय किया गया कि जुलूस मार्ग पर लटक रहे बिजली के तारों को समय रहते ठीक कराया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। लोगों ने कहा कि क्षेत्र में हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब रही है और इस बार भी मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा।इस दौरान क्राइम इंस्पेक्टर विजेंद्र पाल राणा, रामजन्म गौतम, दिनेश कुमार, एचएम सुवनेश, एचएम मुकेश कुमार, मोहम्मद सऊद, जाहिद, बबलू, उमेश पंडित, याकूब, गफ्फार, शाहिद, इकबाल, हसन, रामवीर चौधरी सहित पुलिसकर्मी, विद्युत विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।