
पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सफल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी खड्डा वीरेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में थाना हनुमानगंज परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।बैठक में क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, पीस कमेटी के सदस्य, विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान मोहर्रम पर्व के दौरान शांति, सद्भाव, भाईचारा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।क्षेत्राधिकारी वीरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि मोहर्रम सहित सभी पर्व आपसी प्रेम, एकता और सौहार्द के प्रतीक हैं। ऐसे में सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाएं और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।बैठक में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, अफवाह फैलाने, उकसावे या शांति भंग करने वाली हरकत को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पीस कमेटी के सदस्यों एवं उपस्थित नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा देते हुए मोहर्रम पर्व को शांति, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया। सभी ने समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या असामाजिक तत्व की जानकारी तत्काल निकटवर्ती थाने अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके और त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।