news-details

मुझे उड़ा देने और काट डालने की धमकी मिल रही "डरने वाली नहीं हूं":आस्था

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सोशल मीडिया पर छेड़छाड़ का मुद्दा उठाकर चर्चा में आईं आस्था सिंह ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में दावा किया कि घटना का वीडियो साझा करने और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए उन्हें जान से मारने और नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी जा रही हैं, लेकिन वह किसी भी दबाव या डर के आगे झुकने वाली नहीं हैं। आस्था सिंह ने कहा कि छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद उन्होंने अपनी बात सार्वजनिक की, जिसके बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की। उनका कहना है कि अब वह चाहती हैं कि आरोपी की पहचान सामने आए और उसे उसके किए की सजा मिले, ताकि भविष्य में किसी अन्य महिला के साथ ऐसी घटना न हो।महिला सुरक्षा के सवाल पर आस्था ने कहा कि उनके मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है, जिससे यह महसूस होता है कि शिकायतों पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला के साथ छेड़छाड़ जैसी घटना हो तो उसे तुरंत आवाज उठानी चाहिए और कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।धमकियों के संबंध में आस्था ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार आपत्तिजनक और डराने वाले संदेश भेजे जा रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने साफ कहा कि वह पीछे हटने वाली नहीं हैं और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाती रहेंगी।उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी तरह की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें। उनका कहना है कि आज सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और तकनीक के माध्यम से सच्चाई सामने लाई जा सकती है। इसलिए पीड़िताओं को साहस के साथ शिकायत दर्ज करानी चाहिए।आस्था ने यह भी कहा कि जब उनके साथ कथित छेड़छाड़ की घटना हुई तो मौके पर मौजूद लोगों से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में समाज को पीड़ित के समर्थन में खड़ा होना चाहिए।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले आस्था सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर आरोप लगाया था कि ऑफिस से घर लौटते समय बेकनगंज क्षेत्र में उनके साथ छेड़छाड़ की गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उनसे संपर्क किया और उनकी शिकायत के आधार पर बेकनगंज थाने में छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच जारी है।आस्था सिंह का कहना है कि शिकायत दर्ज होने के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिसकी जानकारी भी उन्होंने पुलिस को दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।