
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के लोहामंडी थाने में दर्ज एक मुकदमे में बड़ी पुलिस लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने सख्त कार्रवाई की है। अधिवक्ता की तहरीर पर बिना जांच किए मुकदमे में एक महिला एसीपी का नाम शामिल कर दिया गया, जिसके बाद लोहामंडी थाना प्रभारी उत्तम चंद पटेल को निलंबित कर दिया गया।जानकारी के अनुसार 22 मई को एक अधिवक्ता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में गलती से महिला एसीपी का नाम भी शामिल कर लिया गया। मामला अधिकारियों तक पहुंचने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया कि इंस्पेक्टर उत्तम चंद पटेल ने तहरीर को ठीक से पढ़े बिना ही मुंशी को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दे दिए थे।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इंस्पेक्टर के खिलाफ पहले भी पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से न लेने और कार्य में लापरवाही बरतने की शिकायतें मिल चुकी थीं। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस आयुक्त ने उन्हें अनुशासनहीनता और कार्य में लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।वहीं सिकंदरा थाने में तैनात इंस्पेक्टर क्राइम इंद्रजीत सिंह को लोहामंडी थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। सूत्रों के अनुसार मुकदमा दर्ज करने वाले मुंशियों और अन्य जिम्मेदार कर्मियों पर भी जल्द कार्रवाई हो सकती है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने कार्रवाई की पुष्टि की है।