news-details

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय में चलाया स्वच्छता अभियान, कमला नेहरू रिज तक की सफाई

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़। दिल्ली विश्वविद्यालय में गुरुवार सुबह स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत कैंपस से कमला नेहरू रिज तक सफाई अभियान चलाया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सुबह 7:30 बजे ग्वायर हॉल हॉस्टल के पास स्थित गोलचक्कर से अभियान की शुरुआत की। उन्होंने स्वयं सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया और अभियान में शामिल प्रतिभागियों के साथ स्वच्छता की शपथ ली। अभियान ग्वायर हॉल से शुरू होकर पीजी मेन्स हॉस्टल और विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस होते हुए कमला नेहरू रिज तक पहुंचा। इस दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय के गेट नंबर-1 के सामने स्थित रिज क्षेत्र में भी सफाई की गई। मुख्यमंत्री ने अभियान में शामिल होकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, कॉलेज ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक प्रो. पायल मागो, एमसीडी नॉर्थ जोन की डिप्टी कमिश्नर श्वेता नागरकोटी, विधायक सूर्य प्रकाश खत्री, महापौर राजा इकबाल सिंह और गांधी भवन के निदेशक प्रो. केपी सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, डूसू पदाधिकारी, विद्यार्थी और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने भी सफाई अभियान में हिस्सा लिया। सभी ने परिसर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया प्रो. केपी सिंह ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है। अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देना है।