
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। कृषि विभाग की ओर से बुधवार को विकासखंड पडरौना सभागार में जनपद स्तरीय मिलेट्स मेला सह प्रदर्शनी एवं फसल अवशेष प्रबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त राजेश्वर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न विभागों, एफपीओ और स्वयं सहायता समूहों के स्टालों का अवलोकन किया।तकनीकी सत्र में विषय वस्तु विशेषज्ञ रिद्धी वर्मा ने श्री अन्न के उत्पादन, पोषक तत्वों, उपयोगिता और प्रसंस्करण की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के हेड वैज्ञानिक डॉ. नवीन कुमार सिंह ने फसल अवशेष और पराली प्रबंधन के उपाय बताए। कृषि वैज्ञानिक डॉ. पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने सब्जियों की आधुनिक खेती तथा श्री अन्न उत्पादन से संबंधित सुझाव दिए।उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि श्री अन्न कम पानी और कम संसाधनों में भी उत्पादित किया जा सकता है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, फार्मर रजिस्ट्री और फसल अवशेष प्रबंधन योजनाओं की जानकारी दी गई।मुख्य अतिथि राजेश्वर सिंह ने श्री अन्न की उपयोगिता बताते हुए किसानों से इसकी खेती को बढ़ावा देने और पराली नहीं जलाने की अपील की। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।