
पारदर्शी विकास ब्यूरो तुर्कपट्टी, कुशीनगर। विकासखंड तमकुही की ग्राम पंचायत बसडीला पाण्डेय निवासी समाजसेवी सत्येंद्र कुमार पाण्डेय को अमेरिका की सीइडरब्रुक यूनिवर्सिटी द्वारा मानद डॉक्टरेट उपाधि से सम्मानित किए जाने के बाद पहली बार अपने गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। पूरे गांव में उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।शनिवार को आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा तुर्कपट्टी मंडल अध्यक्ष महेंद्र शर्मा ने कहा कि अमेरिकी विश्वविद्यालय द्वारा दिया गया यह सम्मान न केवल सत्येंद्र पाण्डेय की उपलब्धि है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक मिसाल है। इससे क्षेत्र के लोगों का सम्मान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर यादव ‘लड्डू’ ने कहा कि सत्येंद्र पाण्डेय ने समाज में व्याप्त विद्वेष और भेदभाव से ऊपर उठकर सेवा का जो कार्य किया है, यह सम्मान उसी का परिणाम है। अत्रिमुनि मिश्र ने कहा कि युवाओं को खेल सामग्री उपलब्ध कराना, बालिकाओं की शिक्षा के लिए साइकिल वितरण, गरीब कन्याओं के विवाह में आर्थिक सहायता तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने जैसे उनके कार्य अत्यंत सराहनीय हैं।डाॅ. आर.के. त्रिपाठी सहित अन्य वक्ताओं ने भी सत्येंद्र पाण्डेय की समाजसेवा की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इस दौरान ग्रामीणों और आगंतुकों ने उन्हें माल्यार्पण एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया।अपने सम्मान से अभिभूत डाॅ. सत्येंद्र पाण्डेय ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजसेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।गौरतलब है कि 30 मई 2026 को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में सीइडरब्रुक यूनिवर्सिटी ने सत्येंद्र कुमार पाण्डेय को मानद डॉक्टरेट उपाधि से सम्मानित किया था।कार्यक्रम में शम्भूशरण पाण्डेय, गिरीश पाण्डेय, राणा प्रताप सिंह, वीरेन्द्र सिंह, डाॅ. दिनेश पाण्डेय, अजहरुद्दीन अंसारी, बिग्गू यादव, सोनू गुप्ता, सुधाकर, रमायन गोंड़ सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामेश्वर यादव तथा संचालन मुर्तुजा अंसारी ने किया।