
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 85 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मॉर्निंग वॉक के लिए निकले कृष्ण कुमार को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुगल रोड जाम कर दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की।हादसा राजपुर थाना क्षेत्र के पैलावर स्थित लाल नगर मोड़ के पास सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। गांव निवासी कृष्ण कुमार पुत्र नाथूराम रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। बुजुर्ग की मौत से नाराज लोगों ने मुगल रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार तेज रफ्तार डंपरों का आवागमन रहता है। सड़क की खराब हालत और गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद न तो भारी वाहनों की रफ्तार पर रोक लगाई गई और न ही सड़क की मरम्मत कराई गई।सूचना पर थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द ही डंपर और चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार वाहन की तलाश में जुटी है।