
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर में मंधना रेलवे स्टेशन को भविष्य के टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित करने की तैयारी चल रही है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में पार्किंग, यातायात और यात्री सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड कॉरिडोर का काम नवंबर-दिसंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है। इसके पूरा होने के बाद मंधना इस रूट का अंतिम टर्मिनल स्टेशन बनेगा और यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। डीएम ने स्टेशन के बाहर पर्याप्त पार्किंग तथा शहर तक ई-बस और सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कल्याणपुर बीडीओ संदीप कुमार (आईएएस) की अध्यक्षता में रेलवे, एनएचएआई और ट्रैफिक विभाग की संयुक्त समिति गठित की गई है। समिति रविवार को मंधना का सर्वे कर पार्किंग और यातायात व्यवस्था की रिपोर्ट देगी। परियोजना में बिल्हौर तहसील के दो और सदर तहसील के 13 गांव शामिल हैं। डीएम ने दोनों एसडीएम को सोमवार तक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। कल्याणपुर से रावतपुर रेलवे ट्रैक के किनारे सफाई और कूड़ा प्रबंधन पर भी जोर दिया गया। नगर निगम को नियमित कूड़ा उठाने, नालों की सफाई और उन्हें ढकने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीडीओ अभिनव जे. जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, डीसीपी ट्रैफिक, एडीएम सौरभ सिंह सहित रेलवे और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।