
PARDARSHI VIKASH NEWS महोबा में जिस छात्रा ने युवक पर किडनैपिंग और रेप का आरोप लगाया था, अब उसी युवक के साथ शादी करते हुए उसका वीडियो सामने आया है। वीडियो में छात्रा लाल चुनरी में और आरोपी युवक सेहरा पहने नजर आ रहा है। दोनों वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फेरे लेते, वरमाला पहनाते और मिठाई खिलाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो प्रयागराज का है। एक मैरिज सर्टिफिकेट भी सामने आया है, जिस पर दोनों के हस्ताक्षर मौजूद हैं। छात्रा ने पहले पुलिस के सामने युवक के साथ रहने की इच्छा जताई थी, लेकिन बाद में भाई के संपर्क में आने के बाद बयान बदल दिया। छात्रा मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली है और महोबा में रहकर NEET की तैयारी कर रही थी। मामले में छात्रा और आरोपी की ओर से इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुरक्षा की मांग को लेकर याचिका भी दाखिल की गई है। वहीं छात्रा ने आरोप लगाया था कि उसका अपहरण कर नशीला इंजेक्शन लगाया गया, जबरन शादी कराने के लिए फर्जी आधार कार्ड बनवाया गया और उसके साथ मारपीट व शारीरिक शोषण किया गया। पुलिस का कहना है कि कोर्ट में दिए गए बयान और सामने आए नए तथ्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है।