
पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया के सलेमपुर में किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों, महंगाई, भ्रष्टाचार और समान शिक्षा नीति लागू करने की मांग को लेकर सद्भावना पदयात्रा निकाली। तपती दोपहर में निकली यह पदयात्रा सलेमपुर डाकबंगला से बस स्टैंड और गांधी चौक होते हुए तहसील मुख्यालय पहुंची, जहां जनसभा आयोजित कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार हरि प्रसाद को सौंपा गया।सभा को संबोधित करते हुए धर्मेन्द्र कुमार पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ाकर आम जनता को महंगाई की मार झेलने पर मजबूर कर रही है। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को भी पूरी तरह बदहाल बताया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल ‘रोशन’ ने कहा कि कांग्रेस ने देश में उद्योग लगाकर रोजगार दिया, जबकि वर्तमान सरकार सरकारी संस्थानों को बेचने में लगी है।पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव चंद्रभूषण पांडेय ने समान शिक्षा नीति लागू करने की मांग उठाते हुए कहा कि महंगी शिक्षा गरीबों को उच्च शिक्षा से दूर कर रही है। कार्यक्रम में डॉ. धर्मेन्द्र पांडेय, नागेंद्र शुक्ल समेत कई नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस को जनता की उम्मीद बताया।