
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा कॉलेज के सामने से मजार हटाए जाने के बाद अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ता गुरुवार को 51 किलो की फूल माला लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने डीएम और डीसीपी सिटी को माला भेंट कर प्रशासन की कार्रवाई पर बधाई दी। इसके साथ ही एनएच-509 की मस्जिद समेत तीन अन्य धार्मिक स्थलों को हटाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।जिला अध्यक्ष मीरा राठौर, नीतू ठाकुर, संगीता और आरती राजपूत ने डीएम को माला पहनाकर बधाई दी। महासभा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सराहनीय है। संगठन ने प्रशासन को हर फैसले में सहयोग देने की बात कही।ज्ञापन में महासभा ने मुख्य मार्गों और हाईवे पर बने अवैध धार्मिक स्थलों को हटाने की मांग की। इसमें एनएच-509 आगरा-हाथरस रोड पर टेढ़ी बगिया चौराहे के पास बनी मस्जिद, एमजी रोड धाकरान चौराहे पर स्थित मजार और ताजगंज फेस-2 की मदिना मस्जिद का जिक्र किया गया।संगठन का आरोप है कि इन स्थानों पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है। महासभा ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।वरिष्ठ नेता मनीष पंडित, नितेश भारद्वाज और बाबू भाई ने कहा कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेगा। इस दौरान मनीष पंडित, मीरा राठौर, बाबू भाई, नितेश भारद्वाज, अवतार सिंह और मधु सक्सेना सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।