
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन और रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय शिवराजपुर तथा महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के सेंट जोसेफ सेकेंडरी स्कूल, बाल निकेतन बालिका जूनियर हाई स्कूल और राजकीय श्रम कार्यालय स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल, शौचालय, विद्युत, रैंप सहित एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटीज (एएमएफ) की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन पूरा करने के निर्देश दिए। जहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां तत्काल सुधार कराने तथा जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक भवनों का प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया।जिलाधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं को मतदान केंद्र की दूरी या अन्य किसी प्रकार की असुविधा है, वे अपने सुझाव संबंधित एसडीएम, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) या बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को दे सकते हैं। प्राप्त सुझावों पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श कर आयोग के मानकों के अनुरूप आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। जुलाई के अंत तक मतदान केंद्रों की अंतिम सूची जारी होगी।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय हरजिंदर नगर का भी औचक निरीक्षण किया। यहां 87 पंजीकृत छात्रों के सापेक्ष केवल पांच छात्र उपस्थित मिले। इस पर उन्होंने शिक्षकों को घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय की मिड-डे मील व्यवस्था की भी समीक्षा की।