
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा-वृंदावन में विशेष स्वच्छता, प्रवर्तन और सौंदर्यीकरण महाअभियान के तहत शुक्रवार को नगर निगम, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण और ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने संयुक्त रूप से व्यापक कार्रवाई की। अभियान के दौरान अतिक्रमण हटाने, सार्वजनिक स्थलों की सफाई और प्रतिबंधित पॉलीथीन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 23,100 रुपए का जुर्माना वसूला गया।प्रवर्तन अभियान के तहत अतिक्रमण करने पर 3,000 रुपए, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने पर 5,100 रुपए और प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग व भंडारण पर 15,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान करीब 6 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथीन भी जब्त की गई।नगर निगम के सेक्टर प्रभारियों ने प्रमुख मार्गों, बाजारों, वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया। कई गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) को समाप्त किया गया तथा खाली भूखंडों से कूड़ा-कचरा हटाया गया। नगर निगम की अधिकृत संस्था किंग ग्रुप ने भी विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य संचालित किया।अभियान के दौरान जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। स्वच्छता रैलियों, जनसंपर्क अभियानों और व्यापारिक संगठनों के साथ बैठकों के माध्यम से लोगों को दुकानों के बाहर डस्टबिन रखने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग न करने के लिए प्रेरित किया गया।नगर निगम ने नागरिकों से स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित ब्रज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने तथा स्वच्छता अभियान को सफल बनाने की अपील की है।