
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर। वार्ड-92 के भाजपा पार्षद अवधेश त्रिपाठी ने नौबस्ता स्थित माया क्रिस्टल गेस्ट हाउस में जनता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं और सुझाव पार्षद के सामने रखे।जनता संवाद के दौरान सबसे बड़ा मुद्दा जलभराव की समस्या रहा। स्थानीय लोगों ने बरसात के दिनों में होने वाले जलभराव को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि वार्ड के कई इलाकों में बारिश के समय पानी भर जाता है, जिससे लोगों को आवागमन और रोजमर्रा के कामों में परेशानी होती है।

वहीं कई छोटी समस्याओं का समाधान समय पर होने की बात भी लोगों ने कही।पार्षद अवधेश त्रिपाठी ने लोगों को आश्वासन दिया कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वार्ड में करीब 88 लाख रुपये की विकास योजना स्वीकृत हो चुकी है, जिसका टेंडर भी जारी किया जा चुका है। योजना के पूरा होने के बाद जलभराव की समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।कार्यक्रम में एमएलसी एवं विधायक अरुण पाठक भी मौजूद रहे। उन्होंने भी लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों से जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया।पार्षद ने कहा कि वार्ड में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा और जलभराव जैसी गंभीर समस्याओं का स्थायी समाधान कराने के प्रयास किए जाएंगे।
