
प्रत्येक विधानसभा में होना है 10प्रतिमाओं का सौन्दर्यीकरण
नहीं मिली बजट की स्वीकृति
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ/अमेठी। संविधान निर्माता बोधिसत्व बाबा साहब डॉ अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से शुरू की गई डा अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना का शासनादेश अभी तक जिलों में नहीं पहुंच पाया है। योजना के अन्तर्गत खंड विकास अधिकारियों की ओर से तैयार कराए गए सभी प्रस्ताव फाइलों में बंद पड़े हुए हैं। डेढ़ महीने पहले अम्बेडकर जयंती के मौके पर मुख्य मंत्री ने प्रदेश में लगी सभी अम्बेडकर प्रतिमाओं के ऊपर छतरी लगाने, बाउंड्री वॉल के निर्माण और सौन्दर्यीकरण के लिए डॉ अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद सभी जिलों में हर विधानसभा क्षेत्र में डा अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना के अन्तर्गत अम्बेडकर प्रतिमाओं के ऊपर छतरी के निर्माण, अम्बेडकर पार्कों की बाउंड्री वॉल के निर्माण और सौन्दर्यीकरण के प्रस्ताव तैयार कराए गए हैं। खंड विकास अधिकारियों की ओर से तैयार कराए गए प्रस्ताव ग्राम पंचायत अधिकारियों की बस्ता फाइलों में बंद पड़े हुए हैं। अभी तक न तो शासनादेश आया है और न ही धनराशि का आवंटन किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने 7अप्रैल2026को इस योजना को लागू करते हुए प्रदेश की 403विधानसभाओं के लिए 403करोड रु की धनराशि स्वीकृत की गई थी। डेढ़ महीने से अधिक का समय बीत रहा है, अभी तक न तो शासनादेश जारी किया गया और न ही किसी भी जिले को धनराशि जारी की गई है। सरकार के निर्णय के अनुसार प्रथम चरण में प्रत्येक विधानसभा में दस अम्बेडकर प्रतिमाओं पर काम होना है। मूर्ति विकास योजना के अन्तर्गत प्रतिमाओं पर सुरक्षात्मक छत्र लगाने के साथ चहारदीवारी निर्माण, प्रकाश व्यवस्था,हरितीकरण, सौन्दर्यीकरण और स्मारकों के रख रखाव का काम होना है। योजना का क्रियान्वयन समाज कल्याण विभाग और पंचायती राज/ग्राम्य विकास विभाग को मिलकर कराना है। अभी तक योजना की प्रगति शून्य है। ग्राम पंचायत कमासिन, विकास खंड भेंटुआ के सेक्रेटरी सुरेन्द्र गुप्ता ने बताया कि शासन की ओर से यह आई जी आर एस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के निस्तारण के क्रम में हमने अम्बेडकर पार्क कमासिन में प्रतिमा के सौन्दर्यीकरण और बाउंड्री वॉल के निर्माण के लिए प्रस्ताव/अनुमानित इस्टीमेट खंड विकास अधिकारी के माध्यम से विकास भवन भेजा है। योजना के अन्तर्गत अनुमन्य धनराशि दस लाख रुपए खर्च करने की वित्तीय स्वीकृति अभी तक नहीं प्राप्त हुई है। शासनादेश नहीं आया है। मुख्य विकास अधिकारी की ओर से जिले में डा अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना के लिए अभी तक कोई गाइडलाइन भी नहीं जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी ने योजना की घोषणा तो कर दी, परंतु शासन में बैठे उच्चाधिकारियों ने अभी तक शासनादेश जारी नहीं किया।इस योजना का क्रियान्वयन केवल समाज कल्याण विभाग नहीं कर सकता।समाज कल्याण विभाग को निगरानी का काम सौंपा जाना चाहिए। डा अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना का क्रियान्वयन ग्राम्य विकास विभाग/पंचायती राज विभाग द्वारा किया जाय, राज्य सरकार को स्पष्ट शासनादेश जारी करना चाहिए।-आर सी बौद्ध
भाजपा,सपा और कांग्रेस का स्वभाव रहा है, घोषणाएं अधिक,काम कम, केवल वोट बैंक के लिए जनता को लालीपाप देना। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक साल पहले 6दिसम्बर कोडा अम्बेडकर की प्रतिमाओं पर छत्र लगवाने की घोषणा की थी,यह घोषणा अभी तक पूरी नहीं हुई है।7अप्रैल 2026को मुख्यमंत्री ने डॉ अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना की घोषणा की थी। शासनादेश अभी तक क्यों नहीं जारी हुआ,यह अपने आप में एक सवाल है। बाबा साहब डॉ अम्बेडकर के अनुयाई मूर्ख नहीं हैं, सब समझते हैं।-संजय कुमार शास्त्री