news-details

नगर निगम समीक्षा बैठक में गूंजे सफाई, सीवर और स्ट्रीट लाइट के मुद्दे

You can share this post!


पारदर्शी  विकास न्यूज़ कानपुर। नगर निगम मुख्यालय में गुरुवार को जोन-6 के विकास कार्यों और जनसमस्याओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्षदों ने सफाई व्यवस्था, सीवर जाम, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति, कूड़ा निस्तारण, जर्जर सड़कों और मेट्रो निर्माण से प्रभावित क्षेत्रों की समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। महापौर प्रमिला पांडेय ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में वार्डों में सफाई कर्मचारियों और हाथ कूड़ा गाड़ियों की कमी, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें, खराब पानी की टंकियों की मोटर, जलभराव, जाम नालों और खराब सड़कों का मुद्दा उठाया गया। कई पार्षदों ने विकास कार्यों की फाइलें लंबे समय से लंबित होने पर भी नाराजगी जताई। अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव ने बताया कि 10 से 15 दिनों के भीतर हाथ कूड़ा गाड़ियां और रिक्शे उपलब्ध करा दिए जाएंगे।महापौर ने कहा कि 15वें वित्त आयोग की धनराशि से शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत कराई जा रही है और जिन क्षेत्रों में सड़कें खराब हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाएगा। उन्होंने दिन में जल रही स्ट्रीट लाइटों को तत्काल बंद कराने और लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।बैठक के दौरान अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में एक आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी को निलंबित किए जाने की जानकारी भी दी गई। नगर निगम प्रशासन ने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों का चरणबद्ध तरीके से समाधान कराया जाएगा।