
कप्तानगंज/कुशीनगर। पारदर्शी विकास ब्यूरो
सचितानंद हॉस्पिटल, कप्तानगंज में चार दिन की नवजात बच्ची की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला रजिस्ट्रिकरण प्राधिकरण एवं अध्यक्ष जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा गठित जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर हॉस्पिटल संचालक को कारण बताओ नोटिस तामील कराया गया है। प्रकरण के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को अश्वनी कुमार मिश्रा पुत्र सदानंद मिश्रा, निवासी ग्राम अमडरिया की चार दिवसीय नवजात बच्ची की हॉस्पिटल में मृत्यु हो गई थी। मामले की जांच के लिए गठित टीम ने अपनी रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपी, जिसके क्रम में अब हॉस्पिटल संचालक से जवाब मांगा गया है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंद्र प्रकाश ने बताया कि हॉस्पिटल संचालक को नोटिस जारी कर प्रकरण के संबंध में सात दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण और संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग द्वारा निर्धारित अवधि में जवाब और अभिलेखों की जांच की जाएगी।सीएमओ ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होता है अथवा हॉस्पिटल संचालक द्वारा प्रस्तुत जवाब और अभिलेख संतोषजनक नहीं पाए जाते हैं, तो हॉस्पिटल का पंजीकरण निरस्त करने के साथ ही नियमानुसार अन्य वैधानिक कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।स्वास्थ्य विभाग ने जनपद में संचालित सभी निजी चिकित्सालयों को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही या निर्धारित मानकों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।विभाग की इस कार्रवाई से निजी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के मानकों और मरीजों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की सख्ती का संदेश गया है।