
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला, कानपुर दक्षिण के तत्वावधान में अनवरत चल रहे कन्या वंदन कार्यक्रम के अंतर्गत हंसपुरम, नौबस्ता क्षेत्र के दुर्गा पूजा पंडाल में श्रद्धापूर्वक कन्या पूजन किया गया। दक्षिण संयोजक सुशील कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में ब्रजेश चंद्र दीक्षित की उपस्थिति में कुमारी कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनके चरण पखारे गए। तिलक लगाकर, चुनरी ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर उनका सम्मान किया गया। इसके बाद कन्याओं को मिष्ठान, फल और प्रसाद वितरित किया गया तथा विधिवत आरती की गई। कार्यक्रम में उपस्थित मातृशक्ति और श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का स्मरण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान धार्मिक आस्था के साथ नारी सम्मान और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका का संदेश दिया गया।इस अवसर पर हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला, कानपुर दक्षिण के संयोजक सुशील कुमार ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आगामी मेले में शामिल होने का आमंत्रण दिया। उन्होंने वंदेमातरम के सामूहिक गान और विवेकानंद रथ यात्रा के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए लोगों से इन आयोजनों में सहभागिता करने की अपील की।अपने उद्बोधन में सुशील कुमार ने कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं समाज की प्रगति का मार्ग प्रशस्त होता है। नारी शक्ति समाज की आधारशिला है और महिलाओं का सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।कार्यक्रम में दुर्गा पूजा पंडाल के व्यवस्थापक विमलेश और अर्पित सहित क्षेत्र के बुजुर्ग, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। अंत में सभी ने राष्ट्र कल्याण और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।