news-details

NCERT की 9वीं की किताब में पहली बार शामिल हुई इमरजेंसी, लोकतंत्र की बड़ी चुनौती बताया गया

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS नेशनल काउंसिल फॉर एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) ने पहली बार कक्षा 9 की सामाजिक विज्ञान की नई पुस्तक ‘अंडरस्टैंडिंग सोसाइटी: इंडिया एंड बियॉन्ड’ में 1975-77 की इमरजेंसी पर अलग से अध्याय शामिल किया है। पुस्तक में इमरजेंसी को भारतीय लोकतंत्र के सामने आई सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बताया गया है। इसमें उल्लेख किया गया है कि 1970 के दशक में बेरोजगारी, महंगाई और कुप्रबंधन के आरोपों के चलते तत्कालीन इंदिरा गांधी सरकार के खिलाफ जन असंतोष बढ़ रहा था। जून 1975 में आंतरिक अशांति के आधार पर राष्ट्रीय आपातकाल लागू किया गया, जिसके दौरान कई मौलिक अधिकार निलंबित कर दिए गए, प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई और राजनीतिक नेताओं व कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारियां हुईं।पुस्तक में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आंदोलन और 1977 के आम चुनावों का भी उल्लेख है, जिसमें जनता ने मतदान के जरिए अपनी राय व्यक्त की और सत्ता परिवर्तन हुआ। NCERT ने इसे भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का उदाहरण बताया है। नई किताब में लोकतंत्र के सामने फेक न्यूज, सामाजिक भेदभाव, लैंगिक असमानता और क्षेत्रवाद जैसी चुनौतियों का भी जिक्र किया गया है। साथ ही चुनाव आयोग की भूमिका, मीडिया के महत्व, महिला भागीदारी और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती पर विशेष जोर दिया गया है।