
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।
हाउस टैक्स, वाटर टैक्स और सीवर टैक्स के पुराने बकाएदारों के लिए लागू वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना के तहत टैक्स जमा करने में कानपुर पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे आगे है। ओटीएस के तहत हाउस टैक्स का बकाया जमा करने के मामले में कानपुर पहले और वाराणसी दूसरे स्थान पर है। कानपुर नगर निगम में अब तक 5,851 बकाएदारों ने ऑनलाइन आवेदन किया है, जिनमें 1,018 ने टैक्स जमा कर दिया है। इससे नगर निगम को 2 करोड़ 18 लाख 67 हजार रुपये की आय हुई है।मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विजय कुमार सिंह के अनुसार, सभी आवेदकों के भुगतान के बाद करीब 13 करोड़ 37 लाख 74 हजार 872 रुपये की वसूली होने की उम्मीद है। वहीं जलकल विभाग में 693 लोगों ने आवेदन किया, जिसमें 671 आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं और 77 लाख 95 हजार रुपये जमा हुए हैं।नगर निगम में करीब 4.68 लाख टैक्सपेयर हैं। इनमें लगभग 3.50 लाख ऐसे हैं, जिन्होंने दो या अधिक वर्षों से हाउस टैक्स जमा नहीं किया है। 15 अगस्त से लागू ओटीएस योजना में बकाया एकमुश्त या तीन किश्तों में जमा करने की सुविधा है। योजना के तहत ब्याज में 100 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि योजना का उद्देश्य पुराने बकाएदारों को राहत देने के साथ टैक्स वसूली बढ़ाना है।
हर साल 12% लगता है ब्याज
नगर निगम में मूलधन बकाया रहने पर 12 प्रतिशत सालाना की दर से ब्याज लगता है। कई बड़े बकाएदार पूरी रकम एक साथ जमा करने के बजाय पार्ट पेमेंट करते हैं। ऐसे मामलों में शेष बकाया राशि पर ब्याज बढ़ता रहता है और कई वर्षों में रकम काफी बढ़ जाती है। ओटीएस में ब्याज में राहत मिलने से ऐसे बकाएदारों को पुराने बकाए का निपटारा करने का मौका मिल रहा है।