
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद कस्बे में पांच बच्चों की मां के अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर जाने का मामला सामने आया है। महिला के पुत्र ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसकी 33 वर्षीय मां घर में रखे जेवर और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद लेकर चली गई है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।युवक के अनुसार, उसकी मां 16 जून 2026 की रात घर से चली गई। आरोप है कि वह गैर जनपद निवासी अपने प्रेमी के साथ गई है। तहरीर में बताया गया है कि महिला घर में रखे कान के झाले, कुंडल, पेंडिल और चांदी की पायल सहित अन्य जेवर अपने साथ ले गई। इसके अलावा लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद भी ले जाने का आरोप लगाया गया है।पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि उसके पिता का करीब तीन वर्ष पहले निधन हो चुका है। परिवार में पांच बच्चे हैं और मां के घर छोड़कर जाने से सभी को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। युवक ने पुलिस से जेवर और नकदी वापस दिलाने की मांग की है।युवक ने यह भी कहा कि वह अब अपनी मां से कोई संबंध नहीं रखना चाहता और नहीं चाहता कि वह दोबारा घर लौटे। मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।