
PARDARSHI VIKASH NEWS औरैया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को दिबियापुर के फफूंद रोड स्थित विष्णुधाम मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए विशेष प्रार्थना की गई।कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने किया, जबकि संयोजन उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राजेश कुमार अग्निहोत्री ने किया। मंदिर के पुजारी पंडित पवन तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ कराया। इसके बाद कथावाचक एवं भागवताचार्य पंडित पुष्पराज अग्निहोत्री तथा उनकी टीम ने करीब दो घंटे तक सुंदरकांड का पाठ किया।सुंदरकांड पाठ के समापन पर पूर्व विधायक लाखन सिंह राजपूत का माल्यार्पण, अंगवस्त्र, भगवान राम की पट्टिका एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही मंदिर से जुड़े पदाधिकारियों और सुंदरकांड पाठ में सहयोग करने वाले लोगों का भी सम्मान किया गया।अपने संबोधन में लाखन सिंह राजपूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय और विकास कार्य देखे हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और तीन तलाक जैसी प्रथा के खिलाफ किए गए कदमों का उल्लेख किया।कार्यक्रम में सामाजिक, शैक्षिक एवं धार्मिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।