
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जनपद के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय की सभी शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शाखा प्रभारियों एवं कर्मचारियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और कार्यालयी कार्यों को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय के अभिलेखों का रख-रखाव विशेष सावधानी के साथ किया जाए तथा सभी रिकॉर्ड समय-समय पर अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखे जाएं, ताकि आवश्यकतानुसार अभिलेख आसानी से उपलब्ध हो सकें।उन्होंने कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बेहतर कार्यालय व्यवस्था और समयबद्ध कार्य निष्पादन से पुलिस व्यवस्था की कार्यकुशलता और जनता का विश्वास दोनों मजबूत होते हैं।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कार्यालय की प्रत्येक शाखा में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करना सुनिश्चित करें।