
PARDARSHI VIKASH NEWS Govardhan क्षेत्र में पुलिस की सरकारी जिप्सी में बच्चों द्वारा मौज-मस्ती और रील्स बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अडींग पुलिस चौकी की सरकारी गाड़ी का है, जिसमें कुछ बच्चे वाहन के अंदर बैठकर गाने पर रील्स बनाते और टशन दिखाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान किसी व्यक्ति ने पूरा वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद मामला तेजी से वायरल हो गया।सरकारी वाहन का उपयोग कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिए किया जाता है, ऐसे में उसके दुरुपयोग को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों ने इसे पुलिस की गंभीर लापरवाही बताते हुए सवाल उठाए हैं कि आखिर बच्चों को पुलिस वाहन तक पहुंच कैसे मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, लापरवाही पाए जाने पर निलंबन सहित बड़ी कार्रवाई हो सकती है।