news-details

पानी की टंकियों से चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार

You can share this post!

PARDARSHI VIKASH NEWS पुलिस ने पानी की टंकियों से बैटरी और इन्वर्टर चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अकबरपुर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान, अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई 30 मई को बाबा सागर स्थित पानी की टंकी से बैटरियां और इन्वर्टर चोरी होने की घटना के बाद की गई। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार जांच कर रही थी। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान जगजीवनपुर बंबा रोड से अनुज यादव, पुष्पेंद्र कुमार, गौरव सिंह उर्फ भानुप्रताप, विपिन और रामचन्द्र को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से 18 बैटरियां, 9 इन्वर्टर, दो ईको कार, तीन अवैध तमंचे, छह जिंदा कारतूस और छह एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांवों के बाहर स्थापित पानी की टंकियों में लगे सोलर सिस्टम की बैटरियां और इन्वर्टर चोरी कर उन्हें बेचते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी बरामद सामान को कानपुर नगर में बेचने की तैयारी में थे, तभी उन्हें दबोच लिया गया। गिरोह के कई सदस्यों पर पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।