
PARDARSHI VIKASH NEWS पुणे के बहुचर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया खुलासा हुआ है। जिस लोहगढ़ किले से केतन को खाई में धक्का दिया गया था, वहां तैनात गार्ड ने बताया कि घटना के समय उसने एक युवती के चीखने की आवाज सुनी थी। गार्ड धीरज जाधव के अनुसार मौके पर पहुंचने पर सिया गोयल और एक अन्य युवक मदद के लिए चिल्ला रहे थे। सिया ने बताया कि कोई व्यक्ति खाई में गिर गया है, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।इस बीच पहली बार मीडिया के सामने आई सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि यदि उनकी बेटी जांच में दोषी पाई जाती है तो उसे भी सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।पुलिस के मुताबिक, 18 जून को सिया अपने मंगेतर केतन अग्रवाल के साथ लोहगढ़ किला गई थी, जहां केतन की खाई में गिरने से मौत हो गई। जांच में सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।जांच एजेंसियों का दावा है कि दोनों ने घटना से पहले मुलाकात कर हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही अंतिम निष्कर्ष और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।