
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुर्गागंज माझा में पुराने सरयू पुल के पास सड़क किनारे गुरुवार सुबह एक 45 वर्षीय व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया। कुछ देर बाद अयोध्या में मजदूरी करने वाले भीम कुमार राठौर ने शव की पहचान दिल्लू शाह के रूप में की। दिल्लू शाह बलिया जिले के सहतवार थाना क्षेत्र के कंडौली गांव के रहने वाले थे।भीम कुमार ने बताया कि दिल्लू शाह अयोध्या स्थित रामकथा संग्रहालय में मजदूरी करते थे। करीब तीन दिन पहले वह अयोध्या से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों और साथियों ने काफी तलाश की थी और अयोध्या पुलिस को भी सूचना दी गई थी।नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि शव काफी खराब हालत में मिला है। शुरुआती जांच में मौत तीन से चार दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।दिल्लू शाह अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे सोनू (20), मोनू (15), धानू (10) और बेटी रूबी (17) को छोड़ गए हैं।