
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा जिले के करनैलगंज से पूर्व सपा विधायक और पूर्व राज्य मंत्री योगेश प्रताप सिंह ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसदों के दल-बदल को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आज राजनीति में बड़े-बड़े लोग भी दल बदल रहे हैं और कोई भी इससे अछूता नहीं है।योगेश प्रताप सिंह ने कहा कि नेताओं को तोड़ने के लिए मुख्य रूप से पैसा, भय और लालच का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा कि जब ये तीनों चीजें किसी के सामने रखी जाती हैं तो बहुत कम लोग ही इसका सामना कर पाते हैं। उनके मुताबिक केवल वही लोग टिक सकते हैं जो पूरी तरह निस्पृह और किसी दबाव में न आने वाले हों।पूर्व मंत्री ने कहा कि आज देश में डर का माहौल नहीं होना चाहिए और सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट के जज, बड़े अधिकारी और नेता भी अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने बंगाल में हो रही दल-बदल की घटनाओं को लेकर सवाल उठाया कि क्या यह ममता बनर्जी की राजनीतिक कमजोरी है।उन्होंने कहा कि राजनीति का तरीका बदल चुका है। पहले दबाव बनाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए जाते थे, अब जांच एजेंसियों और कानूनी प्रक्रियाओं का भी असर दिखाई देता है। उन्होंने सीबीआई और ईडी से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि कई लोग लंबे समय तक जेल में रहे, लेकिन बाद में अदालतों से राहत मिल गई।योगेश प्रताप सिंह ने कहा कि कई मामलों में अभी तक किसी को सजा नहीं हुई है और कई प्रकरण न्यायालय में लंबित हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग परिस्थितियों का सामना कर लेते हैं, वे टिक जाते हैं, जबकि दबाव में आने वाले लोग मजबूरी में पार्टी छोड़ देते हैं।यह बयान पूर्व राज्य मंत्री योगेश प्रताप सिंह ने करनैलगंज के डाक बंगले में दिया था, जो अब सामने आया है।