
डीआईओएस से वार्ता बेनतीजा, धरना जारी
डीआईओएस ने संयुक्त शिक्षा निदेशक को भेजा पत्र, मामला टला
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी।प्रबंधक की मनमानी, अनावश्यक उत्पीड़न और अधिकारियों के उपेक्षापूर्ण व्यवहार से दुःखी जनता इंटर कालेज मवई के एक शिक्षक ने कलेक्ट्रेट में आमरण अनशन और सत्याग्रह शुरू कर दिया है। दलित शिक्षक राजेन्द्र कुमार के समर्थन में धरना स्थल पर मौजूद उत्तर प्रदेशीय माध्यमिक शिक्षक संघ -एकजुट इकाई अमेठी के पदाधिकारियों के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ राजेश द्विवेदी की वार्ता विफल रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने मामले को टालते हुए एक पत्र जारी करके पूरे प्रकरण को संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक के समक्ष प्रेषित कर दिया है।राजेन्द्र कुमार जनता इंटर कालेज मवई में अंग्रेजी विषय के शिक्षक के रूप में तैनात हैं। आरोप है कि प्रबंधक पिछले पांच वर्षों से इनका उत्पीड़न कर रहे हैं। पिछले पांच वर्षों से प्रबंधक ने इनकी वार्षिक वेतन वृद्धियां रोक दी गई है। अवशेष भत्ते का भुगतान नहीं किया गया है।राजेन्द्र कुमार ने जिला विद्यालय निरीक्षक से शिकायत की। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा मामले का समुचित निस्तारण नहीं किया गया। राजेन्द्र कुमार इस प्रकरण को लेकर हाईकोर्ट भी गए, आरोप है कि प्रबंधक मनमानी कर रहे हैं और जिला विद्यालय निरीक्षक उनके विरुद्ध कार्रवाई के बजाय मामले को टालने में लगे हुए हैं।आमरण अनशन और सत्याग्रह के पहले दिन जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ राजेश द्विवेदी ने राजेन्द्र कुमार को तीन बजे अपने आफिस में बुलाया था। राजेन्द्र कुमार की ओर से उत्तर प्रदेशीय माध्यमिक शिक्षक संघ -एकजुट के अध्यक्ष बृजेश यादव और महामंत्री आनंद जायसवाल ने वार्ता की, किंतु वार्ता बेनतीजा रही और जिला विद्यालय निरीक्षक ने इस प्रकरण में स्वयं द्वारा संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा को लिखे एक पत्र की कापी देते हुए मामले को टाल दिया।

बच्चों के परीक्षा में कम नम्बर आए, इसलिए रोक दी वेतन वृद्धि
धरने को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेशीय माध्यमिक शिक्षक संघ के मंत्री आनंद जायसवाल और विक्रम सिंह ने कहा कि राजेंद्र कुमार अंग्रेजी विषय के शिक्षक हैं, इनकी कक्षा के 80फीसदी छात्र उत्तीर्ण हैं। प्रबंधक का आरोप है कि इनकी कक्षा के बच्चों को 85से100के बीच अंक नहीं मिले हैं, इसलिए वेतन-वृद्धि रोकी गई है।यह कतई न्यायोचित नहीं है और मनमानीपूर्ण कृत्य है। परिषद की नियमावली में इस तरह को कोई शासनादेश नहीं है।
शाम छः बजे तक चली सभा, सामाजिक संगठन भी साथ आए
राजेन्द्र कुमार के आमरण अनशन और सत्याग्रह में सभा छः बजे तक चली। उत्तर प्रदेशीय माध्यमिक शिक्षक संघ के साथ उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षक भी धरने पर बैठे।भीम आर्मी के मंडल अध्यक्ष अरुण कुमार शास्त्री के साथ बामसेफ के भी कई वर्कर राजेन्द्र कुमार के समर्थन में कलेक्ट्रेट में डी एम कार्यालय पर मौजूद दिखे।डा शिव मिलन सरोज,राजेश अकेला ,राम चन्द्र सरस, फूल चंद बौद्ध, सेवानिवृत्त शिक्षक हौसला प्रसाद, सुरेन्द्र कुमार, सुरेश लाल, अवधेश कुमार, बृजेश चौधरी, संजय कुमार पाल, अरुण कुमार, रामदीन,जय प्रकाश, श्याम लाल, श्री राम, कुल रोशन एडवोकेट, सूरज सेन, शिवशंकर गुप्ता, विवेक कुमार, कमलेश कुमार यादव, विजय बहादुर,तारा देवी, नाथूराम,जीत बहादुर,राम नेवल , विजय कुमार आदि मौजूद रहे।
राजेन्द्र कुमार की कई मांगे हैं ,ये हाईकोर्ट भी गए थे। मैंने हाईकोर्ट की गाइड लाइन के अनुसार इनके प्रत्यावेदन का निस्तारण किया है। जहां तक वेतन वृद्धि रोकने का मामला है , इनकी सेवाएं संतोषजनक नहीं है, इसलिए वेतन वृद्धि स्थगित की गई है। इन्होंने अभी तक कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है। इनके साथ शिक्षिका संगीता मिश्र की भी वेतन वृद्धि स्थगित की गई है। उत्पीड़न का आरोप निराधार है।-मृणेन्द्र प्रताप सिंह ,प्रबंधक
मामला मेरे संज्ञान में नहीं था। प्रकरण की जानकारी करके न्यायोचित कार्रवाई करेंगे।
ज्योति सिंह ,ए डी एम, अमेठी
राजेन्द्र कुमार के साथ जनता इंटर कालेज के प्रबंधक और प्रधानाचार्य द्वारा बराबर भेदभाव और उत्पीड़न किया जा रहा है।हमारा संगठन उनके साथ है।जब तक मांगों पर न्यायोचित विचार नहीं होता, संगठन एक भी कदम पीछे नहीं हटाएगा। मैंने संगठन के प्रांतीय नेतृत्व को स्थिति से अवगत करा दिया है।
बृजेश यादव ,जिला अध्यक्ष ,उत्तर प्रदेशीय माध्यमिक शिक्षक संघ -एकजुट, इकाई अमेठी
मैंने राजेन्द्र कुमार के प्रार्थना पत्र और आमरण अनशन और सत्याग्रह की नोटिस को गंभीरता से पढ़ा है। राजेन्द्र कुमार की कोई भी ऐसी मांग नहीं है,जिसका निस्तारण जिला विद्यालय निरीक्षक के अधिकार क्षेत्र के बाहर हो, उन्होंने संयुक्त निदेशक को पत्र लिखकर मामले को टालने की कोशिश की है। जिला विद्यालय निरीक्षक मैनेजमेंट के मामलों के निस्तारण के लिए सक्षम और पूर्ण शक्ति सम्पन्न अधिकारी हैं।-संजीव भारती ,जिला संयोजक, बामसेफ अमेठी