
pardarshi vikas news kanpur
भाजपा महिला मोर्चा ने महोबा के समाजवादी पार्टी सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने किया। भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचीं और “प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” तथा “अखिलेश यादव माफी मांगो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने जिलाधिकारी कानपुर नगर कार्यालय के समक्ष अपनी मांगें रखीं और राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को सौंपा।ज्ञापन में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल किसी राजनीतिक दल के नेता नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की लोकतांत्रिक आस्था और भारत के संवैधानिक सम्मान के प्रतीक हैं। ऐसे में उनके प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन है और यह देश की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है।महिला मोर्चा ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा लगातार अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक शिष्टाचार और राजनीतिक मूल्यों के खिलाफ है। संगठन ने मांग की कि संबंधित सांसद के विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी जनप्रतिनिधि संवैधानिक पदों की गरिमा के साथ खिलवाड़ न कर सके।प्रदर्शन में उत्तर जिला अध्यक्ष सरोज सिंह, दक्षिण अध्यक्ष अनीता त्रिपाठी, डॉ. विजया तिवारी, रीता शास्त्री, पूनम कपूर, रंजीता पाठक, बबीता निगम, सीमा एमबीए, रीता पासवान, राधा सैनी, अनीता सोनी सहित कई महिला पदाधिकारी मौजूद रहीं। इसके अलावा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, जिला महामंत्री अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा, अभिनव दीक्षित सहित अन्य कार्यकर्ता भी शामिल हुए।