news-details

प्रयागराज में महिला ने लगाया गैंगरेप और जबरन शादी का आरोप, कोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने का दिया आदेश

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में एक महिला ने धोखे से घर से ले जाकर बंधक बनाकर गैंगरेप और जबरन शादी कराने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस स्तर पर कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने अदालत की शरण ली, जिसके बाद कोर्ट ने 10 दिनों के भीतर एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया है।महिला के अनुसार, उसने मेजा क्षेत्र के एक व्यक्ति से कोर्ट मैरिज की थी। पति के काम के सिलसिले में बाहर रहने के दौरान दो लोगों ने खुद को पशु व्यापारी बताकर उससे संपर्क बढ़ाया। महिला का आरोप है कि दोनों ने उसे बेहतर परिवार में शादी कराने का झांसा दिया और विश्वास में लेकर अपने साथ ले गए। रास्ते में कथित तौर पर उसके जेवर और मोबाइल फोन छीन लिए गए तथा उसे कोरांव क्षेत्र के एक मकान में बंधक बना लिया गया।पीड़िता का आरोप है कि वहां कई दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया गया। बाद में कथित रूप से एक अन्य व्यक्ति से उसकी जबरन शादी करा दी गई, जिसने भी उसके साथ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया। महिला का कहना है कि वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने पति के पास पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी।इसके बाद पति के साथ उसने पुलिस और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। न्यायालय में दायर प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के दौरान पुलिस से रिपोर्ट मांगी गई, जिसमें बताया गया कि मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। इस पर अदालत ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश जारी किया।मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मेजा क्षेत्र के पुलिस अधिकारी ने कहा कि न्यायालय का आदेश प्राप्त होने के बाद नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।