
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति (अभापसुस) के तत्वावधान में 28 जुलाई को गुजरात के गांधीनगर में विशाल राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में देश के 22 राज्यों से पत्रकार प्रतिनिधि भाग लेकर पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर आगे की रणनीति तय करेंगे।अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति कुशीनगर के जिलाध्यक्ष हृदयानंद शर्मा ने बताया कि देश को आजादी मिले कई दशक बीत जाने के बावजूद पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अब तक कोई प्रभावी कानून लागू नहीं किया गया है। इसी उद्देश्य को लेकर संगठन ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने का अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जिग्नेश कलावाडिया के नेतृत्व में संगठन दो दर्जन से अधिक राज्यों में पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा के लिए लगातार आवाज बुलंद कर रहा है।उन्होंने बताया कि 28 जुलाई को होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर व्यापक रणनीति बनाई जाएगी। इसके बाद पूरे देश में चरणबद्ध तरीके से जनजागरण और आंदोलन चलाकर केंद्र एवं राज्य सरकारों से पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की जाएगी।श्री शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय प्रताप नारायण सिंह के नेतृत्व में प्रदेश से 15 सदस्यीय पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल भी गुजरात के गांधीनगर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेकर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा। सम्मेलन में पत्रकारों की सुरक्षा, अधिकारों और मीडिया की स्वतंत्रता से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।