
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। राजाजीपुरम-सी ब्लॉक स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पहुंचे और पार्टी पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।कार्यक्रम के बाद पंकज चौधरी ने पदाधिकारियों को संबोधित किया और स्कूल परिसर में पौधरोपण भी किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री संजय राय, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने गरीबों, महिलाओं और जरूरतमंदों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है और प्रदेश निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है।उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा पहले से ज्यादा बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम को हमेशा जनता से जुड़ने और प्रेरणा देने का माध्यम बनाया है, इसका राजनीतिक उपयोग नहीं किया।पूर्व पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि राजीव त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री देशभर के छोटे-बड़े प्रयासों को सामने लाकर लोगों को प्रेरित करते हैं। वहीं स्कूल के संस्थापक अनिल अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा बताए गए विभिन्न प्रेरक उदाहरणों से लोगों को सकारात्मक संदेश मिला।