news-details

राजकीय पॉलिटेक्निक में बनेगा टाटा टेक्नोलॉजीज का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

You can share this post!


पारदर्शी  विकास न्यूज़ कानपुर। गुरुदेव चौराहा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण तेजी से चल रहा है। गुरुवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाए, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण जल्द मिल सके। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के अधिशासी अभियंता ने बताया कि 706.75 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण 21 मई 2026 से शुरू हुआ है और इसे 20 मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। अब तक 86.38 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं तथा परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 5 प्रतिशत है। फिलहाल फाउंडेशन और पेडेस्टल कास्टिंग का कार्य जारी है। जी+2 प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग के रूप में विकसित होने वाले इस सेंटर में आधुनिक प्रयोगशालाएं, तकनीकी वर्कशॉप, डिजिटल प्रशिक्षण कक्ष, वीसैट स्टूडियो और कौशल विकास के लिए अत्याधुनिक लैब स्थापित की जाएंगी। यहां छात्रों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक और रोजगारपरक प्रशिक्षण मिलेगा।जिलाधिकारी ने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने के बाद राजकीय पॉलिटेक्निक तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा। इससे विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता बढ़ेगी और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।