
मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने शुक्रवार को विकास खंड राजपुर स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और बीआरसी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही, गंदगी और अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार को कड़ी फटकार लगाई।
सीडीओ ने बीआरसी में रखी पाठ्य पुस्तकों की स्थिति का जायजा लिया। खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी पुस्तकें प्राप्त होने की जानकारी देने पर उन्होंने निर्देश दिया कि तीन दिनों के भीतर हर हाल में पुस्तकों का वितरण छात्र-छात्राओं तक सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुस्तकें गोदाम में पड़ी मिलीं तो संबंधित विद्यालय प्रभारी पर कार्रवाई होगी।
निरीक्षण के दौरान ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत विद्यालयों में टाइलीकरण, शुद्ध पेयजल व्यवस्था और शौचालय निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर भी असंतोष जताया गया। सीडीओ ने निर्देश दिए कि ग्राम प्रधानों और सचिवों से समन्वय कर 15 दिनों के भीतर सभी अधूरे कार्य पूर्ण कराए जाएं।
उन्होंने कार्यालय में पत्रावलियों और अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने के साथ मिड-डे मील की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा डीबीटी फीडिंग का कार्य तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए।
उपस्थिति पंजिका की जांच करते हुए सीडीओ ने कहा कि कार्यालय समय पर न आने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।