रेलवे भूमि पर दुकानों को लेकर व्यापारियों से संवाद
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। दुदही रेलवे स्टेशन रोड पर रेलवे की भूमि पर संचालित दुकानों को हटाए जाने की सूचना के बाद शुक्रवार को व्यापारियों में चिंता बढ़ गई। सूचना मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अजीम आलम मौके पर पहुंचे और संबंधित रेलवे अधिकारी (आईडब्ल्यू) से बातचीत की।
अजीम आलम ने दुकानदारों की आजीविका और लंबे समय से चल रहे कारोबार का पक्ष रेलवे अधिकारी के समक्ष रखा। व्यापारियों ने भी अपनी स्थिति बताते हुए दस्तावेज प्रस्तुत करने और अपना पक्ष रखने के लिए समय देने का अनुरोध किया।बातचीत के बाद रेलवे विभाग की ओर से व्यापारियों को आवश्यक समय दिया गया। इससे उन्हें अपनी स्थिति स्पष्ट करने और संबंधित दस्तावेजों के साथ नियमानुसार अपना पक्ष रखने का अवसर मिला। मामले में आगे की कार्रवाई रेलवे के नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार होने की बात कही गई।इस दौरान इमरान आलम, सुशील कुमार गोयल, उमेश कुमार चौरसिया, अधिवक्ता भरत, ओम प्रकाश कुशवाहा, मनोज जोशी और धीरज गुप्ता सहित कई व्यापारी एवं नागरिक मौजूद रहे। व्यापारियों ने कहा कि उनकी आजीविका से जुड़े मामले का समाधान संवाद और नियमानुसार प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए।