news-details

राम जन्मभूमि पर सवाल करने वाले राजनैतिक रोटियां सेक रहे:अनुराग ठाकुर

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर मंगलवार को कानपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे पर राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन्होंने हमेशा रामभक्तों का विरोध किया और राम मंदिर आंदोलन पर सवाल उठाए, वे आज आरोप लगा रहे हैं।अनुराग ठाकुर ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट ने खुद पूरे मामले की जांच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार को पत्र लिखा है। सरकार ने ट्रस्ट के आग्रह पर एसआईटी जांच शुरू कराई है। जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि यह ट्रस्ट का मामला है और निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से सांसद अनुराग ठाकुर कानपुर में कई कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे थे। लखनऊ के रास्ते शहर पहुंचे अनुराग ठाकुर सबसे पहले विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के आवास पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने परमट क्षेत्र पहुंचकर पौधारोपण किया और गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान में भी हिस्सा लिया।मीडिया से बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने भाजपा को समर्थन इसलिए दिया है ताकि राज्य में विकास हो और गुंडाराज खत्म हो। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी के कई सांसद भी अब विकास के मुद्दे पर एनडीए के साथ आ रहे हैं।उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से डर और भ्रष्टाचार का माहौल था। अब राज्य को कानून व्यवस्था और विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा। घुसपैठ, भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।नीट परीक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है।कानपुर प्रवास के दौरान अनुराग ठाकुर ने श्री आनंदेश्वर मंदिर में दर्शन और अभिषेक भी किया। इसके बाद उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों, व्यापारियों और सामाजिक लोगों से मुलाकात की। शाम को आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में भी उन्होंने हिस्सा लिया। कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

स्वच्छता अभियान चलाया, कूड़ा उठाकर डस्टबीन में डाला
अनुराग ठाकुर ने परमट के पार्क में पौधारोपण किया। उनके साथ सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी और जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित भी रहे। परमट में पौधारोपण करने के बाद गंगाघाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने घाट पर फैले कूड़ा और पन्नियां घाट से उठकर डस्टबिन में डाला। इस दौरान कार्यकर्ता भी सहयोग करते दिखे।

अनुराग ठाकुर ने किया अभिषेक, महंत से लिया आशीर्वाद
आनंदेश्वर मंदिर में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दर्शन कर विधि-विधान से अभिषेक किया। इस दौरान उनके साथ विधायक नीलिमा कटियार समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंदिर पहुंचने पर अनुराग ठाकुर ने महंत महाकाल महाराज का पटका पहनाकर सम्मान किया और उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। महंत महाकाल महाराज ने उन्हें रुद्राक्ष की माला पहनाकर आशीर्वाद दिया।दर्शन और अभिषेक के बाद अनुराग ठाकुर ने मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने इसकी एक पुस्तिका महाकाल महाराज को भेंट की। इस दौरान मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।