
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को अपने पैतृक आवास विश्नोहरपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए अयोध्या में श्रीराम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मंदिर की सुरक्षा राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री आवास और संसद की तर्ज पर होनी चाहिए, लेकिन पूरी अयोध्या को बैरियर लगाकर बंद करना उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि अयोध्या में आज भी कई स्थानों पर अनावश्यक बैरियर लगे हुए हैं, विशेषकर रंग महल मंदिर के आगे। उनका आरोप है कि यह सब किसी के इशारे पर किया गया था। हालांकि, उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की जांच चल रही है, इसलिए इस पर अधिक टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। जांच पूरी होने के बाद ही वह इस पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे।बृजभूषण सिंह ने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से अयोध्या की व्यवस्थाओं और स्थानीय मुद्दों को लेकर प्रशासन से लगातार गुहार लगाते रहे हैं। उनका कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए, लेकिन आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह बाधित नहीं होनी चाहिए।यौन शोषण मामले में चल रही सुनवाई को लेकर उन्होंने कहा कि मामले में कानूनी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और फैसला सुरक्षित रख लिया गया है। उन्होंने दोहराया कि यदि आरोप साबित हुए तो वह सबसे कठोर सजा स्वीकार करेंगे। साथ ही कहा कि अब उन्हें न्यायपालिका के फैसले का इंतजार है और उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।