
कानपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कानपुर प्रान्त की राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस की योजना बैठक शनिवार को चन्द्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित हुई। बैठक में 9 जुलाई को अभाविप के स्थापना दिवस के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 8 से 14 जुलाई तक पूरे कानपुर प्रान्त के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में छात्र संपर्क अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, संगोष्ठियां, सेवा गतिविधियां, शोधार्थी सम्मेलन, युवा संवाद, स्वच्छता अभियान, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभाव, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहेगा।प्रान्त मंत्री दिनेश यादव ने कहा कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस केवल संगठन का स्थापना दिवस नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका को मजबूत करने का संकल्प दिवस है। उन्होंने कहा कि सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित कर राष्ट्रभक्ति, सामाजिक दायित्व और नेतृत्व के संस्कार विकसित किए जाएंगे।

केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य गुंजन कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस युवा शक्ति, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। इससे विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरणा मिलेगी और शैक्षणिक परिसरों में सकारात्मक वातावरण मजबूत होगा।प्रान्त सहमंत्री प्रियंका माथुर ने कहा कि अभाविप विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वहीं, प्रान्त मीडिया संयोजक अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर कानपुर प्रान्त के सभी जिलों में विद्यार्थी केंद्रित कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नेतृत्व और सामाजिक सरोकारों से जोड़ा जाएगा।बैठक में कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए विभिन्न दायित्वों का निर्धारण किया गया और सभी कार्यकर्ताओं से व्यापक छात्र सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।