
पारदर्शी विकास ब्यूरो रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कलेक्ट्रेट स्थित कक्ष में सौहार्द और भाईचारे की सुखद तस्वीर देखने को मिली। ओम शांति धर्मपुर की महिलाओं, गीता इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं एवं खिलाड़ियों ने जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी महिलाओं, छात्राओं एवं खिलाड़ियों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास, आत्मीयता और पारस्परिक सम्मान का पर्व है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस पावन पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे की भावना के साथ मनाने की अपील की।जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व के दौरान आपसी प्रेम एवं सामाजिक सद्भाव की भावना को और मजबूत किया जाए। जनपद में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएं।उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर सरकार द्वारा महिलाओं एवं बहनों के लिए उपलब्ध कराई गई निःशुल्क परिवहन सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बहनें इस सुविधा का लाभ लेकर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के साथ अपने गंतव्य तक पहुंचें।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, छात्राओं एवं खिलाड़ियों ने जिलाधिकारी को राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी ने भी सभी के उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने रक्षाबंधन की भावना के अनुरूप प्रेम, विश्वास, सुरक्षा और सामाजिक एकता का संदेश दिया।