
पारदर्शी विकास ब्यूरो
दुदही, कुशीनगर। पीएम श्री संविलियन विद्यालय पडरौन मडुरही में रक्षाबंधन के अवसर पर अनूठे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में स्थित पीपल के पेड़ को रक्षासूत्र बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर उनका सम्मान किया गया।कार्यक्रम में बिशनपुरा थाने की मिशन शक्ति टीम पहुंची। छात्राओं ने महिला कांस्टेबल स्वर्णिमा सिंह, अर्चना चौरसिया सहित अन्य पुलिसकर्मियों को तिलक लगाकर राखी बांधी और आरती उतारी। विद्यालय परिवार की ओर से पुलिसकर्मियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।इस दौरान राखी निर्माण कार्यशाला भी आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने 200 से अधिक राखियां तैयार कीं। विद्यालय परिसर में इन राखियों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके बाद छात्राओं ने छात्रों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।कार्यक्रम का संचालन करते हुए शिव शंकर तिवारी ने मिशन शक्ति पर आधारित भजन प्रस्तुत किया। प्रधानाध्यापक अरुणेंद्र कुमार राय ने विद्यार्थियों को संस्कारों से जुड़ने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मिशन शक्ति टीम ने बच्चों को सुरक्षा, महिला सम्मान और उनके अधिकारों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।एसएमसी अध्यक्ष अभिमन्यु प्रसाद ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए ऐसे आयोजनों को संस्कार और जागरूकता का माध्यम बताया। कार्यक्रम में बांके बिहारी लाल, संध्या यादव, माधुरी यादव, अस्मिता, रंजना सहित विद्यालय परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे। अंत में विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।