
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भारतीय जनता पार्टी ने बिठूर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं वरिष्ठ नेता रमेश सिंह यादव को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदेश मंत्री नियुक्त किया है। प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलने की जानकारी सामने आते ही उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया। शुक्रवार को न्योरी स्थित उनके फार्म हाउस पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।सुबह से ही न्योरी फार्म हाउस पर पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय नेताओं और समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। बिठूर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के साथ ही आसपास के जिलों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने रमेश सिंह यादव को फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी। समर्थकों ने उनकी नियुक्ति पर खुशी जताई। इस दौरान फार्म हाउस पर दिनभर जश्न का माहौल बना रहा।समर्थकों ने कहा कि रमेश सिंह यादव लंबे समय से पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय हैं। बिठूर विधानसभा क्षेत्र में उनकी सक्रियता और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क के चलते उन्हें संगठन में नई जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव का लाभ प्रदेश में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने में मिलेगा।बधाई स्वीकार करते हुए रमेश सिंह यादव ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। समाज के सभी वर्गों को जोड़ना और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।इस अवसर पर बिधनू ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार कोरी, ग्राम प्रधान राम नरेश यादव, रूप नारायण त्रिपाठी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामसजीवन यादव, रमईपुर के जिला पंचायत सदस्य दिनेश यादव, पाली भोगीपुर के जिला पंचायत सदस्य रविराज वर्मा, चौराई के प्रधान कामरेंद्र कुमार, कुरिया के प्रधान अनिल गुप्ता, घुरवाखेड़ा के पूर्व प्रधान विक्रांत वर्मा, संजीव अवस्थी, मनोज शुक्ला, शिव कुमार प्रधान, विनोद यादव बीडीसी, दीपक कुशवाहा बीडीसी और मंडल अध्यक्ष गोविंद कुशवाहा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।