news-details

रमईपुर फुटवियर पार्क की फिर तेज हुई कवायद

You can share this post!


 

पारदर्शी विकास न्यूज़  कानपुर। घाटमपुर के रमईपुर में प्रस्तावित प्रदेश के पहले फुटवियर पार्क को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया एक बार फिर तेज हो गई है। करीब 130.403 एकड़ में विकसित होने वाले इस पार्क के मूलभूत ढांचे का डिजाइन आईआईटी मुंबई ने तैयार कर यूपीसीडा को सौंप दिया है। डिजाइन में सड़क और नाली निर्माण से जुड़ी योजनाएं भी शामिल हैं। अब संशोधित कार्ययोजना के आधार पर यूपीसीडा रीटेंडरिंग की तैयारी कर रहा है।फुटवियर पार्क के विकास के लिए पहले करीब 32 करोड़ रुपये का टेंडर जारी हुआ था, लेकिन कंपनियों के काम के लिए आगे नहीं आने से परियोजना की रफ्तार थम गई थी। इसके बाद आधारभूत सुविधाओं में जरूरी बदलाव के लिए आईआईटी मुंबई से तकनीकी परामर्श लिया गया। कंसल्टेंसी के लिए आईआईटी मुंबई को करीब 29 लाख रुपये फीस दी गई है। नई योजना के तहत अब लगभग 50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।पार्क में लेदर आधारित जूते-चप्पल और सह उत्पादों से जुड़ी 100 से अधिक औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने का लक्ष्य है। इससे करीब 10 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।पार्क के लिए 99 एकड़ से अधिक भूमि औद्योगिक इकाइयों के लिए आरक्षित है। ब्लॉक ए में 23.78 और ब्लॉक बी में 75.71 एकड़ जमीन शामिल है। करीब 7.76 एकड़ क्षेत्र ग्रीन एरिया के लिए रखा गया है। न्यूनतम 500 वर्गमीटर के भूखंड प्रस्तावित हैं। यूपीसीडा जमीन अधिग्रहण और बाउंड्रीवाल का काम पहले ही करा चुका है। भूखंडों की कीमत तय होने के बाद आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी।