
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपूर देहात। रसूलाबाद क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी में अचानक आग लग गई। यह घटना उस समय हुई जब श्रद्धालु श्रीमद्भागवत कथा के समापन के बाद विसर्जन के लिए गंगा घाट जा रहे थे। हालांकि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार, रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के नौहा नौगांव में कथा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ग्रामीण श्रद्धालु पिकअप वाहन में सवार होकर विसर्जन के लिए निकले थे। जैसे ही वाहन तिसाह गुंदार मोड़ के पास पहुंचा, उसमें अचानक धुआं उठने लगा।कुछ ही क्षणों में धुआं तेज आग में बदल गया और पिकअप वाहन पूरी तरह आग की लपटों में घिर गया। आग की ऊंची लपटें और काला धुआं दूर से दिखाई देने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।हालांकि चालक और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।