
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। आजमगढ़ में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले पर पहली बार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी भी बेटी के खिलाफ अपमानजनक भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की गई है।सीएम योगी ने कहा कि “बेटी, बेटी होती है और उसका सम्मान होना चाहिए।” उन्होंने बताया कि इस मामले की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस को FIR दर्ज करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने यह भी कहा कि गांव की बेटी को सबकी बेटी मानने की संस्कृति हमारे समाज की परंपरा है और इसमें किसी भी प्रकार की असम्मानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मुख्यमंत्री ने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा का संयम जरूरी है और नेताओं को अपने समर्थकों को भी इसकी सीख देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में किसी भी वर्ग, नेता या उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती।इसी दौरान सीएम योगी ने आजमगढ़ में 955 करोड़ रुपये की 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में ओमप्रकाश राजभर भी मौजूद रहे।