
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के प्रेमनगर गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक देवर ने अपनी भाभी पर गड़ासे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला का कानपुर के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, कमालगंज थाना क्षेत्र के मकूनगला निवासी दिवारी लाल की बेटी कल्पना की शादी प्रेमनगर निवासी गेंदालाल से हुई है। सोमवार शाम कल्पना अपने घर में सिलाई का काम कर रही थी। उसी दौरान उसका देवर चरन सिंह घर में सो रहा था।आरोप है कि सिलाई मशीन की आवाज से उसकी नींद खुल गई, जिसके बाद वह गाली-गलौज करने लगा। जब कल्पना ने इसका विरोध किया तो चरन सिंह ने गुस्से में आकर गड़ासे से उस पर हमला कर दिया। हमले में कल्पना के गले और कंधे पर गंभीर चोटें आईं।महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। परिजनों ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया।क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि महिला के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी चरन सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।